अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के प्रथम दीक्षांत समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने घोषणा की है कि आगामी 18 जून 2026 को विश्वविद्यालय का पहला दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में आयोजित पत्रकार वार्ता में कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि समारोह को उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हुए विशेष स्वरूप दिया जाएगा।
कुलपति प्रो. बिष्ट ने कहा कि महामहिम कुलाधिपति की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि विश्वविद्यालय के पहले दीक्षांत समारोह में अल्मोड़ा की लोकसंस्कृति, पारंपरिक कला, इतिहास, आध्यात्म, पुरातत्व और पर्यावरणीय विरासत की झलक दिखाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक धरोहरों से जुड़ सकेगी और उनमें अपनी पहचान को लेकर गर्व की भावना विकसित होगी।
उन्होंने बताया कि समारोह की तैयारियों के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है और सभी समितियां सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। शीघ्र ही सभी अधिकारियों एवं समिति सदस्यों की बैठक बुलाकर कार्यक्रम की अंतिम रणनीति तैयार की जाएगी।
प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं है, बल्कि समाज और क्षेत्र के समग्र विकास में योगदान देना भी है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय शोध, शिक्षा और अकादमिक गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में विश्वविद्यालय राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाएगा।
पत्रकार वार्ता के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन ने एक और महत्वपूर्ण निर्णय की घोषणा की। सोबन सिंह जीना परिसर स्थित मुख्य ऑडिटोरियम का नाम अब “स्वामी विवेकानंद सभागार” रखा जाएगा। विश्वविद्यालय का प्रथम दीक्षांत समारोह इसी सभागार में आयोजित किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि स्वामी विवेकानंद युवाओं के प्रेरणास्रोत हैं और उनके विचार विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण एवं चरित्र निर्माण के लिए प्रेरित करेंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. देवेंद्र सिंह बिष्ट ने स्वागत भाषण के साथ की। उन्होंने दीक्षांत समारोह की प्रस्तावित रूपरेखा एवं व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए कहा कि समारोह को सफल बनाने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है।
पत्रकार वार्ता में विश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी अमित कुमार त्रिपाठी, परीक्षा नियंत्रक प्रो. पंकज कुमार शाह, डीन अकादमिक प्रो. अनिल कुमार यादव, क्रीड़ा अधिकारी लियाकत अली, डॉ. चंद्रप्रकाश फुलोरिया, विपिन जोशी, देवेंद्र सिंह पोखरिया, मीडिया प्रभारी डॉ. ललित चंद्र जोशी, छात्रसंघ अध्यक्ष लोकेश सुप्याल, छात्र प्रतिनिधि रोहित कुमल्टा, आशीष जोशी, गोविंद मेर तथा ईश्वर सिंह सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
विश्वविद्यालय के पहले दीक्षांत समारोह को लेकर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों में काफी उत्साह दिखाई दे रहा है। यह समारोह न केवल विश्वविद्यालय के लिए ऐतिहासिक अवसर होगा, बल्कि अल्मोड़ा की सांस्कृतिक पहचान को भी व्यापक मंच प्रदान करेगा।
18 जून को होगा एसएसजे विश्वविद्यालय का प्रथम दीक्षांत समारोह, ‘स्वामी विवेकानंद सभागार’ में आयोजित होगा कार्यक्रम
Leave a Comment
