अल्मोड़ा। भाकृअनुप–विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, अल्मोड़ा ने अपनी विकसित ‘वीएल लाइट ट्रैप’ तकनीक के व्यावसायिक उत्पादन एवं विपणन के लिए दून ट्रंक हाउस के साथ चार वर्ष का प्रौद्योगिकी लाइसेंस समझौता किया है। यह अनुबंध 4 अगस्त 2026 को संपन्न हुआ।
संस्थान द्वारा विकसित यह पर्यावरण-अनुकूल एवं कम लागत वाली तकनीक किसानों को रासायनिक कीटनाशकों पर निर्भरता कम करते हुए प्रभावी कीट प्रबंधन का विकल्प उपलब्ध कराएगी। अनुबंध के अनुसार दून ट्रंक हाउस इस तकनीक का उत्पादन एवं वितरण निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप करेगा।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. लक्ष्मी कान्त ने कहा कि अनुसंधान को प्रयोगशाला से खेत तक पहुँचाना संस्थान का प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि तकनीकों के व्यावसायीकरण से किसानों को आधुनिक एवं उपयोगी कृषि नवाचारों का लाभ समय पर मिल सकेगा।
कार्यक्रम में बौद्धिक संपदा एवं प्रौद्योगिकी प्रबंधन प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ. निर्मल कुमार हेडाऊ, फसल सुरक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. कृष्ण कांत मिश्रा तथा दून ट्रंक हाउस के प्रतिनिधि मोहम्मद सलीम एवं मोहम्मद सलमान उपस्थित रहे। संस्थान ने भविष्य में भी किसान हित में नई तकनीकों के विकास और प्रसार की दिशा में निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
किसानों तक पहुंचेगी वीएल लाइट ट्रैप तकनीक, विवेकानन्द कृषि संस्थान ने किया चार वर्षीय अनुबंध
Leave a Comment
