धौलछीना। ग्राम दयारी के तोक सगवाड़ा में हाल में आई आपदा के बाद क्षेत्र का जायजा लेने पहुंचे उत्तराखंड राज्य हथकरघा एवं हस्तशिल्प विकास परिषद के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री स्तर) गोविंद पिलख्वाल ने आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने ग्रामीणों का हालचाल जाना और आपदा के बाद सामने आ रही समस्याओं की जानकारी ली।
इस दौरान पीड़ित परिवारों ने राज्यमंत्री के समक्ष पेयजल, विद्युत, राजस्व सहित अन्य समस्याएं रखीं। ग्रामीणों ने समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने का अनुरोध किया। राज्यमंत्री पिलख्वाल ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने पेयजल एवं विद्युत विभाग के साथ ही राजस्व विभाग तथा विकासखंड भैंसियाछाना के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा, ताकि प्रभावित परिवारों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ भी समय पर मिल सके।
गोविंद पिलख्वाल ने कहा कि सरकार जनहित और विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार आपदा प्रभावितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है और आपदा की इस घड़ी में सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।
पीड़ित परिवारों से मिले राज्यमंत्री पिलख्वाल, अधिकारियों को दिए समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश
Leave a Comment

