बजरंग दल ने एसएसपी को भेजा ज्ञापन, ब्लैकमेलिंग या धमकी के साक्ष्य मिलने पर कार्रवाई की मांग
अल्मोड़ा। मोबाइल फोन में युवतियों की कथित फोटो, स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल सामग्री पाए जाने के मामले में बजरंग दल अल्मोड़ा ने प्रशासन से विस्तृत जांच की मांग की है। संगठन की ओर से उपजिलाधिकारी अल्मोड़ा को ज्ञापन सौंपा गया, जिसे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा को प्रेषित किया गया है।
ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने मांग की कि मामले की जांच केवल सामान्य स्तर पर न करते हुए डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर वैज्ञानिक तरीके से की जाए। इसके लिए संबंधित मोबाइल फोन को साइबर सेल तथा फॉरेंसिक विशेषज्ञों के माध्यम से जांचे जाने की मांग की गई है।
बजरंग दल ने कहा कि मोबाइल में मौजूद फोटो, स्क्रीनशॉट, चैट, सोशल मीडिया अकाउंट, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल सामग्री की विधिसम्मत जांच जरूरी है। जांच के माध्यम से यह पता लगाने की मांग की गई है कि सामग्री का स्रोत क्या है, उसे किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा किया गया या नहीं और यदि साझा किया गया तो किस उद्देश्य से किया गया।
संगठन ने कहा कि यदि जांच में किसी युवती को ब्लैकमेल करने, धमकी देने, दबाव बनाने या प्रताड़ित करने से संबंधित साक्ष्य मिलते हैं तो संबंधित लोगों के विरुद्ध कानून के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं किसी अन्य व्यक्ति या समूह की भूमिका सामने आने पर उसकी भी निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
ज्ञापन में जांच को लेकर एक महत्वपूर्ण मांग यह भी रखी गई कि मामले को किसी जाति, धर्म अथवा समुदाय से जोड़कर पूर्वाग्रहपूर्ण कार्रवाई न की जाए। संगठन ने निष्पक्ष जांच के साथ संभावित पीड़ितों की पहचान और निजी जानकारी को सार्वजनिक होने से बचाने की मांग की।
बजरंग दल पदाधिकारियों ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में डिजिटल सामग्री की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच के दौरान कानून और गोपनीयता संबंधी प्रावधानों का पालन किया जाना चाहिए। संगठन ने प्रशासन से मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की अपेक्षा जताई।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि पर्याप्त साक्ष्य सामने आने के बावजूद उचित कार्रवाई नहीं होती है तो वह लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से जनजागरूकता अभियान तथा जिलेभर में आंदोलन करेगा।
ज्ञापन देने वालों में प्रान्त गौरक्षा प्रमुख एवं अधिवक्ता विजय सिंह सिराड़ी, जिला सह संयोजक वैभव जोशी, पूर्व जिला संयोजक संजय भट्ट, जिला गौरक्षा प्रमुख मुन्ना बिष्ट, पार्षद जगमोहन बिष्ट, छात्र संघ उपाध्यक्ष भास्कर जोशी समेत इंदर गोस्वामी, गौरव सनवाल, विजय कुमार, गौरव भट्ट, प्रियांशु डालाकोटी, पवन नैनवाल, सुशील पांडे, वीरेंद्र जोशी, सुमित रावल, प्रियांशु, गुणवंत और अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मामले में वास्तविक स्थिति पुलिस जांच और डिजिटल फॉरेंसिक परीक्षण के बाद ही सामने आने की संभावना है।
युवतियों की तस्वीरों से जुड़े मामले की फॉरेंसिक जांच की मांग
Leave a Comment

