अल्मोड़ा। भारतीय शास्त्रीय संगीत और नृत्य की समृद्ध विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से 25वें रचना दिवस महोत्सव के अंतर्गत नवांकुर कला संगम का आयोजन किया जा रहा है। मोहन उप्रेती लोक संस्कृति कला एवं विज्ञान शोध समिति की इस पहल के माध्यम से 10 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बाल एवं किशोर प्रतिभागियों को अपनी कला और साधना प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता में शास्त्रीय गायन, वादन और नृत्य की विभिन्न विधाओं को शामिल किया गया है।
आयोजक समिति का कहना है कि भारतीय शास्त्रीय कलाएं केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि वर्षों की साधना, अनुशासन और सांस्कृतिक चेतना की अभिव्यक्ति हैं। इसी भावना के अनुरूप प्रतियोगिता में प्रतिभागियों की प्रस्तुति के साथ उनकी तकनीकी शुद्धता, भावाभिव्यक्ति, कला की शास्त्रीयता और मंचीय मर्यादा का भी मूल्यांकन किया जाएगा। प्रतियोगिता में केवल अव्यावसायिक कला-साधक ही भाग ले सकेंगे। फिल्मी गीतों और फिल्मी रचनाओं को प्रस्तुत करने की अनुमति नहीं होगी।
प्रतियोगिता को दो वर्गों में आयोजित किया जाएगा। 10 से 13 वर्ष तक के प्रतिभागी बाल वर्ग तथा 14 से 18 वर्ष तक के प्रतिभागी किशोर वर्ग में शामिल होंगे। दोनों वर्गों का निर्णय स्वतंत्र रूप से किया जाएगा। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि प्रतिभागियों की संख्या कम होने पर भी आयु वर्गों का आपस में विलय नहीं किया जाएगा।
एकल प्रस्तुति के लिए 500 रुपये प्रति प्रतिभागी, प्रति विषय एवं प्रति वर्ग पंजीकरण शुल्क रखा गया है। समूह गान और समूह नृत्य के लिए प्रति दल एक हजार रुपये शुल्क निर्धारित है। एकल प्रस्तुति में अधिकतम दो संगतकार रखे जा सकेंगे, जबकि समूह प्रस्तुतियों में आठ प्रतिभागियों और चार संगतकारों की सीमा तय की गई है। समिति से संगतकार उपलब्ध कराने की स्थिति में पूर्व सूचना देकर 200 रुपये निर्धारित शुल्क जमा करना होगा।
प्रतिभागियों को पारंपरिक भारतीय वेशभूषा में पहुंचना होगा। साथ ही पहचान-पत्र अथवा आधार कार्ड की छायाप्रति लाना अनिवार्य है। नृत्य प्रस्तुतियों के लिए प्रयुक्त संगीत पेनड्राइव में पहले से उपलब्ध कराना होगा। इलेक्ट्रॉनिक तानपुरे का प्रयोग किया जा सकेगा। प्रत्येक प्रतिभागी को निर्धारित समय में अपनी प्रस्तुति पूरी करनी होगी तथा नाम पुकारे जाने पर तत्काल मंच पर पहुंचना होगा।
शास्त्रीय गायन की विभिन्न शैलियों, सितार, वायलिन, बांसुरी, तबला, पखावज सहित वाद्ययंत्रों तथा भरतनाट्यम, कथक, ओडिसी और कुचिपुड़ी जैसी नृत्य शैलियों के लिए पृथक प्रतियोगिता तभी होगी, जब संबंधित आयु वर्ग में कम से कम चार प्रतिभागी पंजीकृत होंगे। अन्यथा उन्हें व्यापक श्रेणी में शामिल किया जा सकता है।
प्रतियोगिता के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 25 नवंबर 2026 है। पंजीकरण शुल्क बैंक ऑफ इंडिया, अल्मोड़ा शाखा स्थित मोहन उप्रेती लोक संस्कृति कला एवं विज्ञान शोध समिति के खाते संख्या 689020110000046 में जमा किया जा सकता है। यूपीआई भुगतान के लिए मोबाइल नंबर 9412306663 उपलब्ध है। भुगतान प्रमाण के साथ प्रतिभागी का नाम, विषय और आयु वर्ग बताना आवश्यक है। समिति ने सभी इच्छुक प्रतिभागियों से समय पर पंजीकरण कर भारतीय शास्त्रीय कला की इस पहल का हिस्सा बनने की अपील की है।
नई पीढ़ी को शास्त्रीय कलाओं से जोड़ने की पहल, नवांकुर कला संगम में दिखेगी बाल प्रतिभाओं की साधना
Leave a Comment

