अल्मोड़ा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दौरे के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए काले झंडे दिखाए। नगर निगम की उपेक्षा, विकास कार्यों में कथित भेदभाव और जनसमस्याओं की अनदेखी को लेकर कांग्रेस नेताओं ने सरकार के खिलाफ तीखा हमला बोला।
कांग्रेस पार्षद वैभव पाण्डेय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कहा कि अल्मोड़ा नगर निगम को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। शहर की बदहाल सड़कें, पेयजल संकट, सफाई व्यवस्था और अन्य बुनियादी समस्याओं पर सरकार गंभीर नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल प्रचार और राजनीतिक कार्यक्रमों तक सीमित होकर रह गई है, जबकि आम जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बीच रास्ते में ही रोक लिया। कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया गया। कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतंत्र की आवाज दबाने का प्रयास बताया और कहा कि सरकार विरोध से डर रही है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और कहा कि अल्मोड़ा के साथ लगातार भेदभाव किया जा रहा है। पार्षद वैभव पाण्डेय ने कहा कि नगर निगम की मांगों को लगातार अनदेखा किया जा रहा है और जनता की आवाज सुनने वाला कोई नहीं है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक अल्मोड़ा की जनता के अधिकारों, नगर निगम की समस्याओं और विकास कार्यों को गंभीरता से नहीं लिया जाएगा, तब तक कांग्रेस का लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले समय में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री के दौरे पर कांग्रेस का हंगामा, अल्मोड़ा में काले झंडों के साथ जोरदार विरोध
Leave a Comment
