अल्मोड़ा। जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित युवा कांग्रेस की कार्यकारिणी बैठक में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित अल्मोड़ा दौरे को लेकर तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 4 जून को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में युवाओं और छात्रों की रिकॉर्ड भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वर्तमान समय में उत्तराखंड का युवा रोजगार, शिक्षा, पलायन और संविदा आधारित नौकरियों जैसी अनेक चुनौतियों से जूझ रहा है। इन मुद्दों को प्रभावी ढंग से राष्ट्रीय स्तर पर उठाने के लिए राहुल गांधी का अल्मोड़ा आगमन एक महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा।
युवा कांग्रेस नेता गोपाल भट्ट ने कहा कि राज्य के हजारों युवा रोजगार की तलाश में प्रदेश से बाहर जाने को मजबूर हैं। शिक्षा पूरी करने के बाद भी उन्हें स्थायी रोजगार नहीं मिल पा रहा है। इसके अलावा आउटसोर्सिंग और संविदा व्यवस्था के कारण युवाओं के भविष्य को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों में युवाओं को संगठित होकर अपनी आवाज बुलंद करनी होगी।
बैठक में वक्ताओं ने अग्निवीर योजना को लेकर भी चर्चा की और कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े विषयों पर व्यापक संवाद की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस लगातार युवाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाती रही है और आगे भी यह संघर्ष जारी रहेगा।
कार्यकर्ताओं ने निर्णय लिया कि आगामी दिनों में विभिन्न शिक्षण संस्थानों, गांवों और नगर क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके माध्यम से युवाओं और छात्रों को कार्यक्रम में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। बैठक में कहा गया कि युवाओं की भागीदारी जितनी अधिक होगी, उनके मुद्दे उतनी ही मजबूती से सामने आ सकेंगे।
वक्ताओं ने कहा कि राहुल गांधी युवाओं, छात्रों और बेरोजगारों के सवालों को लगातार राष्ट्रीय स्तर पर उठाते रहे हैं। उनके प्रस्तावित दौरे से अल्मोड़ा सहित पूरे कुमाऊं क्षेत्र के युवाओं को अपनी समस्याएं और अपेक्षाएं रखने का अवसर मिलेगा।
बैठक के अंत में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि 4 जून को बड़ी संख्या में युवा और छात्र कार्यक्रम में शामिल होकर रोजगार, शिक्षा, सम्मान और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर अपनी एकजुटता का परिचय देंगे।
बैठक में निकिता हावर्ड, अब्दुल रहमान, गोपाल भट्ट, विक्रम सिंह फर्त्याल, दीक्षा सुयाल, पारस डसीला, रितिक नयाल, गौरव जोशी, आशीष हावर्ड, शिवम, अमन लटवाल, ललित अधिकारी, राज चौहान, रजत, मनीष, आर्यन, रोहित पंत, कमलेश बिष्ट, प्रदीप बिष्ट, विनय कनवाल, विशाल कनवाल तथा अन्य युवा कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
युवाओं के मुद्दों को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का अवसर होगा राहुल गांधी का अल्मोड़ा दौरा: युवा कांग्रेस
Leave a Comment
