| अल्मोड़ा |
अल्मोड़ा शहर की रानीधारा रोड पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की कमी और सड़क निर्माण की खामियों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय निवासी कवीन्द्र पन्त ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल, नगर निगम तथा जिला प्रशासन को कई शिकायतें भेजकर सड़क सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज शिकायत संख्या 042025-8-733288 के संबंध में नगर निगम द्वारा 27 मई 2025 को जवाब दिया गया। जवाब में बताया गया कि नगर निगम कर्मचारियों द्वारा स्थल निरीक्षण किया गया, जिसमें पाया गया कि रानीधारा से धार की तूनी मार्ग पर सड़क सुधारीकरण के शेष कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा किए जा रहे हैं।
नगर निगम ने यह भी बताया कि मार्ग पर रेलिंग लगाने के लिए लोक निर्माण विभाग को पत्र भेजा गया है। वहीं रानीधारा नौले के आगे बने आर्चनुमा कैजवे में जाली लगाने की प्रक्रिया नगर निगम स्तर पर की जा रही है।
हालांकि स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अब तक मौके पर अपेक्षित सुधार नहीं दिखाई दे रहा है। शिकायतकर्ता कवीन्द्र पन्त ने कहा कि उन्होंने 11 अप्रैल 2025 को जिलाधिकारी और महापौर नगर निगम अल्मोड़ा को लिखित अनुरोध पत्र भेजकर सड़क पर रेलिंग लगाने और गलत तरीके से बने आर्चनुमा कैजवे को ठीक कराने की मांग की थी।
उन्होंने बताया कि 21 मई 2026 को नगर निगम के महापौर और नगर आयुक्त को पुनः पत्र भेजकर कार्रवाई की जानकारी मांगी गई। इसके अगले दिन 22 मई 2026 को जिलाधिकारी को भी स्मरण पत्र भेजा गया।
कवीन्द्र पन्त ने कहा कि रानीधारा रोड शहर का अत्यंत महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। सड़क संकरी होने के बावजूद यहां दिनभर वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। सड़क के किनारे गहरी खाई होने और रेलिंग न होने के कारण वाहन चालकों में हमेशा दुर्घटना का भय बना रहता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि रानीधारा नौले के सामने सड़क के बीच बनाया गया आर्चनुमा कैजवे तकनीकी दृष्टि से गलत है। छोटी कारों के बंपर और चैंबर इससे टकरा जाते हैं, जबकि दोपहिया वाहन चालक अक्सर संतुलन खो बैठते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कैजवे को ठीक नहीं किया गया तो भविष्य में कोई गंभीर हादसा हो सकता है। लोगों ने मांग की कि सड़क का तकनीकी परीक्षण कर विशेषज्ञों की निगरानी में सुधार कार्य कराया जाए।
इसके अलावा धार की तूनी क्षेत्र में सड़क निर्माण के दौरान बनाई गई ऊंची देहरी जैसी संरचना को भी लोगों ने परेशानी का कारण बताया। दोपहिया वाहन चालकों को यहां विशेष दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि इस संबंध में नगर निगम के जेई को मौके पर बुलाकर निरीक्षण कराया गया था और महापौर से भी चर्चा की गई थी। उन्होंने कहा कि मामला प्रशासन के संज्ञान में होने के बावजूद अभी तक स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीरता दिखाई जाए और जल्द से जल्द रेलिंग लगाने, कैजवे को दुरुस्त करने तथा खतरनाक हिस्सों का पुनर्निर्माण कराया जाए।
लोगों ने कहा कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
CM हेल्पलाइन तक पहुंची गुहार, फिर भी रानीधारा रोड पर नहीं लगी रेलिंग
Leave a Comment
