अल्मोड़ा। नगर निगम क्षेत्र के झिझाड़ एवं पांडेखोला वार्ड में डस्टबिन वितरण नहीं किए जाने के विरोध में दोनों वार्डों के पार्षदों ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। पार्षदों ने आरोप लगाया कि नगर निगम अन्य वार्डों में डस्टबिन वितरित कर रहा है, जबकि उनके वार्डों की लगातार उपेक्षा की जा रही है।
पार्षदों का कहना है कि डस्टबिन नहीं मिलने से स्थानीय लोगों को स्वच्छता संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर क्षेत्रवासियों में नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने सभी वार्डों में समान रूप से डस्टबिन वितरण करने की मांग की।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि डस्टबिन वितरण का कार्य पर्यावरण मित्रों से कराना उचित नहीं है, क्योंकि इससे उनके दैनिक सफाई कार्य प्रभावित हो रहे हैं। पार्षदों ने सुझाव दिया कि जिस एजेंसी या ठेकेदार को डस्टबिन वितरण का टेंडर दिया गया है, उसी से यह कार्य कराया जाए, ताकि वितरण प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से पूरी हो सके।
पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि दोनों वार्डों की उपेक्षा जारी रही तो क्षेत्रवासियों के साथ आगे की रणनीति बनाई जाएगी। ज्ञापन देने के दौरान झिझाड़ वार्ड के पार्षद अमित साह ‘मोनू’ तथा पांडेखोला वार्ड की पार्षद ज्योति साह उपस्थित रहे।

