**तीन दिवसीय आयोजन में साहित्य, सिनेमा, संगीत और पत्रकारिता पर होंगे 40 से अधिक सत्र**
**अल्मोड़ा।** साहित्य, कला और संस्कृति के विविध रंगों से सजी अल्मोड़ा की ऐतिहासिक धरोहर मल्ला महल में 30 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक अल्मोड़ा लिट्रेचर फेस्टिवल (एएलएफ) के चौथे संस्करण का आयोजन किया जाएगा। ग्रीन हिल्स ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस तीन दिवसीय महोत्सव में साहित्य, सिनेमा, संगीत, पत्रकारिता, नृत्य और कला जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियां प्रतिभाग करेंगी। आयोजन में 40 से अधिक विशेष सत्रों के माध्यम से साहित्यिक और समसामयिक विषयों पर संवाद किया जाएगा।
महोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में प्रख्यात गीतकार एवं प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी शामिल हैं। इसके साथ ही वेब सीरीज ‘मामला लीगल है’ तथा फिल्मों ‘कटहल’ और ‘12वीं फेल’ से जुड़े अभिनेता अनंत विजय जोशी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। भारतीय शास्त्रीय नृत्यांगना मालती श्याम और हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायक रवि जोशी की भागीदारी से आयोजन में कला और संगीत की विविध प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी।
पत्रकारिता और समसामयिक विषयों पर चर्चा के लिए लोकप्रिय कार्यक्रम ‘तीन ताल’ से पहचान रखने वाले पत्रकार कुलदीप मिश्रा भी महोत्सव का हिस्सा होंगे। वहीं, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एवं लेखक संजीव चोपड़ा साहित्य, इतिहास और सामाजिक विमर्श से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा करेंगे। समकालीन संगीत और युवा अभिव्यक्ति को मंच देने के उद्देश्य से गायक एवं रैपर रोहन पांगती और तरुण बिष्ट भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
**शैलेश मटियानी के साहित्यिक योगदान पर होगा विशेष विमर्श**
महोत्सव में प्रत्येक वर्ष की परंपरा के अनुसार पहाड़ से जुड़े ऐसे साहित्यकारों के योगदान पर विशेष चर्चा की जाती है, जिन्होंने अपनी लेखनी और विचारों से देश-विदेश में पहचान बनाई है। इस वर्ष हिंदी के प्रतिष्ठित साहित्यकार शैलेश मटियानी के साहित्यिक योगदान पर विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा।
हिमालयी पारिस्थितिकी, जैव विविधता और जलवायु परिवर्तन जैसे महत्त्वपूर्ण विषयों पर भी पैनल चर्चाएं होंगी। जयमित्र बिष्ट और हर्षित रौतेला के विशेष फोटो टॉक सत्रों के माध्यम से हिमालय के प्राकृतिक परिवेश, पर्यावरणीय चुनौतियों और जनजीवन को समझने का अवसर मिलेगा।
अल्मोड़ा की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने के लिए मानवविज्ञानी एवं इतिहासकार लोकेश ओहरी और छायाकार जयमित्र बिष्ट के नेतृत्व में ‘चलमोड़ा’ तथा ‘वॉक टू नौला’ जैसे हेरिटेज वॉक भी आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के जरिए प्रतिभागी नगर के इतिहास, स्थापत्य और सांस्कृतिक पहचान को करीब से जान सकेंगे।
ग्रीन हिल्स ट्रस्ट की यह पहल अल्मोड़ा की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों के रचनाकारों, विचारकों और युवाओं को संवाद का साझा मंच प्रदान करेगी।
महोत्सव से संबंधित आयोजित प्रेस वार्ता में डॉ वसुंधरा पंत, विनायक पंत, डॉ दीपा गुप्ता, मनोज गुप्ता, डॉ. हामिद, भारत भूषण सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
30 अक्टूबर से शुरू होगा अल्मोड़ा लिट्रेचर फेस्टिवल, प्रसून जोशी समेत कई नामचीन हस्तियां करेंगी शिरकत
Leave a Comment

