अल्मोड़ा। नगर निगम के नंदा देवी वार्ड में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को वार्ड निवासी मनोज जोशी पर बंदरों ने हमला कर उन्हें काट लिया, जिससे वह घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार मनोज जोशी अपने कार्य से जा रहे थे, तभी अचानक बंदरों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह उन्हें बंदरों से बचाया। घायल अवस्था में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने आवश्यक उपचार एवं टीकाकरण की सलाह दी।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि नंदा देवी वार्ड में बंदरों का आतंक लंबे समय से बना हुआ है। बंदर आए दिन राहगीरों पर हमला करने के साथ-साथ घरों में घुसकर खाद्य सामग्री और अन्य सामान भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं का घर से बाहर निकलना कठिन हो गया है।
स्थानीय नागरिकों ने वन विभाग और जिला प्रशासन से तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि बंदरों को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर छोड़ा जाए तथा शहर में स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं।

