अल्मोड़ा। रानीधारा स्थित श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के तृतीय दिवस कथा व्यास आचार्य पंकज जोशी ने भगवान शिव और माता पार्वती के अलौकिक प्रसंग का अत्यंत प्रभावशाली वर्णन किया। कथा के दौरान उन्होंने महादेव के त्याग, करुणा और माता पार्वती की अटूट श्रद्धा एवं समर्पण का उल्लेख करते हुए भक्तों को आध्यात्मिक संदेश दिया।
उन्होंने बताया कि अगले दिवस कथा में भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का मनोहारी प्रसंग प्रस्तुत किया जाएगा। श्रद्धालुओं से उन्होंने समय पर कथा स्थल पहुँचकर इस दिव्य आयोजन में सहभागी बनने का आग्रह किया।
संगीतमयी कथा के बीच प्रस्तुत भक्ति भजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु कथा एवं भजनों का रसपान कर भावविभोर दिखाई दिए।
यजमान पंडित हरीश चन्द्र जोशी ने बताया कि 10 अगस्त को दोपहर 2 बजे से कथा स्थल पर महाभंडारे का आयोजन होगा। उन्होंने समस्त नगरवासियों से महाभंडारे में सम्मिलित होकर प्रसाद ग्रहण करने और पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की।
कार्यक्रम में रानीधारा नागरिक समिति के सदस्यों सहित नगर के विभिन्न मोहल्लों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन शिव-पार्वती के दिव्य प्रेम का हुआ भावपूर्ण वर्णन
Leave a Comment
