दशरथ-विश्वामित्र संवाद, राम-लक्ष्मण का मारीच-सुबाहु से युद्ध और गौरी पूजन की प्रस्तुतियों ने मोहा दर्शकों का मन
अल्मोड़ा। श्री भुवनेश्वर महादेव मंदिर एवं रामलीला समिति, कर्नाटक खोला की ओर से आयोजित रामलीला के द्वितीय दिवस में धार्मिक आस्था, पारंपरिक अभिनय और भव्य मंचन का संगम देखने को मिला। रामलीला में दशरथ-विश्वामित्र संवाद, ताड़िका द्वारा नरसंहार, मुनियों के यज्ञ में विघ्न, ताड़िका वध, राम-लक्ष्मण का मारीच-सुबाहु से युद्ध, सुबाहु वध, अहिल्या उद्धार और गौरी पूजन के प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन किया गया। देर रात तक चले कार्यक्रम में दर्शक लीला का आनंद लेते रहे।
द्वितीय दिवस की रामलीला का शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष नीरज सांगा, नगर महामंत्री आशीष डोगरा, जिला उपाध्यक्ष शुभम रौतेला, नगर उपाध्यक्ष नितिन भंडारी तथा युवा मोर्चा के जिला मंत्री गौरव भंडारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों ने मंचन का आनंद लिया और कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना की।
रामलीला के विभिन्न प्रसंगों में कलाकारों ने अपने अभिनय और संवादों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। राम की भूमिका कोमल जोशी, लक्ष्मण की गायत्री तिवारी, सीता की वैष्णवी जोशी, दशरथ की मनीष तिवारी तथा विश्वामित्र की भूमिका अनिल रावत ने निभाई। ताड़िका के रूप में अमित कुमार, सुबाहु के रूप में अमर बोरा और मारीच के रूप में अभिषेक तिवारी ने अभिनय किया। अहिल्या की भूमिका काव्या अल्मिया और गौरी की भूमिका निकन्द्रया ने निभाई। सीता की सखियों के रूप में मिष्टी मेहता और खुशी आर्या ने प्रस्तुति दी, जबकि वशिष्ठ की भूमिका तनोज कर्नाटक ने निभाई।
राम-लक्ष्मण और राक्षसों के बीच युद्ध, ताड़िका वध तथा अहिल्या उद्धार के दृश्यों ने दर्शकों को विशेष रूप से आकर्षित किया। गौरी पूजन के प्रसंग ने धार्मिक वातावरण को और अधिक भावपूर्ण बना दिया।
समिति की ओर से प्रस्तुत रामलीला की दर्शकों ने सराहना की। देश-विदेश में ऑनलाइन माध्यम से लीला देख रहे दर्शकों ने भी अपने संदेशों के माध्यम से मंचन की प्रशंसा की। इससे रामलीला की लोकप्रियता और सांस्कृतिक महत्व का परिचय मिला।
कार्यक्रम में भुवन पांडे, गौरव कांडपाल, हंसा दत्त कर्नाटक, बृजेश पांडे, नंदन बगड़वाल, कमल जोशी, रजनीश कर्नाटक, कौशल किशोर पांडे, अशरद अंसारी, प्रकाश चंद्र तिवारी, कपिल नयाल, प्रकाश मेहता, आशु रौतेला, सीमा कर्नाटक, विनोद कांडपाल, कमल पालीवाल, हेम जोशी, संतोष कुमार, आशा मेहता, कंचन पांडे, सृष्टि जनौटी, रेखा जनौटी, कविता पांडे, रीता पांडे, कमला तिवारी और चंपा तिवारी सहित सैकड़ों दर्शक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन भावना मल्होत्रा ने किया।
कर्नाटक खोला की रामलीला में ताड़िका वध ने बांधा समां
Leave a Comment

