52 सीढ़ी के पास लगाए गए गेट को हटाने की मांग, नगर आयुक्त को सौंपा गया ज्ञापन
अल्मोड़ा।
गोपालधारा-ढुंगाधारा वैकल्पिक मार्ग पर लगाए गए गेट को हटाने की मांग को लेकर राजपुर, नियागंज, धारानौला और लाला बाजार के नागरिक एकजुट हो गए हैं। उन्होंने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि मार्ग बंद होने से हजारों लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
ज्ञापन में कहा गया कि यह मार्ग वर्षों से क्षेत्र के लोगों की जीवनरेखा रहा है। दोपहिया वाहन चालकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह सबसे सुविधाजनक मार्ग था। इसके बंद होने के बाद लोगों को लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है, जिससे आर्थिक और समय दोनों का नुकसान हो रहा है।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि नगर निगम को जनहित में फैसले लेने चाहिए। यदि किसी कारण से मार्ग पर नियंत्रण आवश्यक था तो सभी पक्षों से चर्चा कर ऐसा समाधान निकाला जाना चाहिए था जिससे किसी भी क्षेत्र के लोगों को परेशानी न हो।
ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्षद एडवोकेट मुकेश कुमार (डैनी), विकास कुमार आर्या, कुलदीप सिंह मेर (कम्मू) और इन्तेखाब आलम कुरैशी भी नागरिकों के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने भी प्रशासन से जनहित में समस्या का शीघ्र समाधान करने का आग्रह किया।
लोगों ने उम्मीद जताई कि नगर निगम जनभावनाओं का सम्मान करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगा और मार्ग को फिर से आमजन के लिए खोल देगा।
