अल्मोड़ा। नंदा देवी स्थित महिला कल्याण संस्था कार्यालय में सावन मेले की तैयारियों को लेकर विभिन्न सांस्कृतिक टीमों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत भजन-कीर्तन से हुई तथा आगामी 12 और 13 अगस्त को आयोजित होने वाले दो दिवसीय सावन मेले की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक में तय किया गया कि मेले के पहले दिन सिद्ध नौला मंदिर से जलाभिषेक यात्रा निकाली जाएगी, जो नंदा देवी मंदिर पहुंचकर भगवान शिव के जलाभिषेक के साथ संपन्न होगी। इसके बाद मंदिर परिसर में संगीतमय भजन-कीर्तन आयोजित किया जाएगा।
दूसरे दिन सैली सजाओ, दुल्हन बनो, सावन गीतों पर नृत्य तथा कुमाऊँनी व्यंजन प्रतियोगिता सहित कई सांस्कृतिक एवं पारंपरिक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। प्रतियोगिताओं के दौरान निर्णायक मंडल प्रतिभागियों से संबंधित विषयों पर प्रश्न भी पूछेगा। मोटे अनाज से बने पारंपरिक व्यंजनों को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा।
मेले में महिलाओं द्वारा विभिन्न खाद्य स्टॉल भी लगाए जाएंगे। संस्था ने बताया कि इन स्टॉलों से होने वाली आय संबंधित महिलाओं की स्वयं की आय होगी, जिससे महिला स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
बैठक की अध्यक्षता रीता दुर्गापाल ने की, जबकि संचालन मीता उपाध्याय ने किया। कार्यक्रम में संस्था की पदाधिकारियों एवं सदस्यों सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
भजन-कीर्तन के साथ हुई सावन मेले की तैयारी बैठक, महिलाओं के स्वरोजगार पर रहेगा विशेष जोर
Leave a Comment
