सोमेश्वर। हुकुम सिंह बोरा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सोमेश्वर में उच्च शिक्षा उत्तराखंड के उपनिदेशक डॉ. आर. एस. भाकुनी ने भ्रमण कर महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। महाविद्यालय पहुंचने पर प्राचार्य प्रो. अवनीन्द्र कुमार जोशी तथा शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।
भ्रमण के दौरान डॉ. भाकुनी ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, शैक्षणिक वातावरण और विभिन्न समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।
इसके उपरांत उन्होंने विभिन्न विभागों के प्राध्यापकों के साथ बैठक कर उच्च शिक्षा की गुणवत्ता, नवाचार आधारित शिक्षण, शोध गतिविधियों तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने महाविद्यालय में संचालित गतिविधियों की सराहना करते हुए गुणवत्ता आधारित शिक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई उपयोगी सुझाव दिए।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य प्रो. अवनीन्द्र कुमार जोशी ने उपनिदेशक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से महाविद्यालय को नई दिशा मिलेगी। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
उच्च शिक्षा के उन्नयन पर जोर, उपनिदेशक डॉ. आर. एस. भाकुनी ने किया सोमेश्वर महाविद्यालय का भ्रमण
Leave a Comment
