राम प्रतिज्ञा, सूर्पणखा नासिका छेदन और खर-दूषण वध के प्रसंगों ने बांधा समां
अल्मोड़ा। श्री लक्ष्मी भंडार हुक्का क्लब की ऐतिहासिक रामलीला में राम प्रतिज्ञा, सूर्पणखा नासिका छेदन, त्रिसरा वध, खर-दूषण वध और सीता हरण के प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन किया गया। कलाकारों के सशक्त अभिनय और भावपूर्ण संवादों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
लीला का शुभारंभ राम प्रतिज्ञा के प्रसंग से हुआ, जिसमें भगवान श्रीराम के धर्म के प्रति समर्पण और दृढ़ संकल्प को दर्शाया गया। इसके बाद सूर्पणखा नासिका छेदन, त्रिसरा वध तथा खर-दूषण वध के दृश्यों ने मंच पर रोमांच पैदा किया। युद्ध के प्रसंगों में कलाकारों की संवाद अदायगी और अभिनय की दर्शकों ने सराहना की।
सीता हरण का प्रसंग विशेष आकर्षण रहा। रावण द्वारा छलपूर्वक माता सीता का हरण किए जाने के दृश्य ने दर्शकों को भावुक कर दिया। इस मंचन के माध्यम से धर्म और अधर्म के संघर्ष को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया गया।
महेश नायल रहे मुख्य अतिथि
कार्यक्रम में भाजपा के अल्मोड़ा जिलाध्यक्ष महेश नायल मुख्य अतिथि रहे। विशिष्ट अतिथियों में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, मनोज तिवारी, सुशीला वर्मा और होटल एसोसिएशन अल्मोड़ा के अध्यक्ष अरुण वर्मा शामिल हुए।
अतिथियों ने कहा कि रामलीला भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और नैतिक मूल्यों को समाज तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने हुक्का क्लब द्वारा अल्मोड़ा की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के प्रयासों की सराहना की।
संस्था के अध्यक्ष एवं सचिव विनीत बिष्ट तथा रामलीला संयोजक एवं पूर्व सभासद राजेंद्र तिवारी के नेतृत्व में आयोजन किया जा रहा है। रामलीला को सफल बनाने में संस्था के पदाधिकारियों, कलाकारों और सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
आयोजन में त्रिभुवन गिरी, हर्षवर्धन वर्मा, मीनाक्षी साह अग्रवाल, मीनाक्षी जोशी, ललित मोहन साह, मनोज साह, भारत गोस्वामी, कंचन बिष्ट, विजय चौहान, कैलाश साह, अभय उप्रेती, मणिकरण गुप्ता, मानस वाणी, पारस, रोहित साह, चंदन आर्य, गौरव तिवारी, आकांक्षा, नीलम भट्ट, गीता तिवारी, हर्षिता तिवारी, अभय साह, विनोद गिरी एवं मिश्रा जी ने सहयोग किया।
लीला के समापन पर आयोजित लकी ड्रॉ में दस भाग्यशाली दर्शकों को पुरस्कार प्रदान किए गए। हुक्का क्लब की रामलीला अल्मोड़ा की सांस्कृतिक पहचान को सहेजने और नई पीढ़ी को भारतीय परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
हुक्का क्लब की रामलीला में सीता हरण के मंचन ने दर्शकों को किया भावुक
Leave a Comment

