अल्मोड़ा। डुबकिया वार्ड में सार्वजनिक रास्ते पर कथित अतिक्रमण को लेकर स्थानीय निवासियों का गुस्सा खुलकर सामने आया है। नगर निगम पार्षद अंजू बिष्ट के नेतृत्व में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने नगर निगम महापौर और नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक मार्ग पर हुए अवैध कब्जे से मंदिर और अंतिम संस्कार के रास्ते प्रभावित हो गए हैं, जिससे आम लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार क्षेत्र के सार्वजनिक रास्ते पर जावेद अख्तर नामक व्यक्ति द्वारा कथित अतिक्रमण किया गया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह मार्ग वर्षों से सार्वजनिक उपयोग में रहा है, लेकिन हाल में रास्ते को संकरा किए जाने से लोगों की आवाजाही बाधित हो रही है।
लोगों ने आरोप लगाया कि रास्ते की चौड़ाई कम होने के कारण आए दिन विवाद की स्थिति बन रही है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। क्षेत्रवासियों ने कहा कि धार्मिक कार्यों और अंतिम संस्कार जैसे संवेदनशील अवसरों पर भी लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पार्षद अंजू बिष्ट ने कहा कि यह मामला सीधे आम जनता की सुविधा और अधिकारों से जुड़ा हुआ है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मांग की कि मौके पर निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाए और यदि अतिक्रमण पाया जाए तो उसे तुरंत हटाया जाए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए अजय वर्मा ने नगर आयुक्त को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक रास्तों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महापौर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ हो और आम जनता को जल्द राहत मिले।
महापौर अजय वर्मा ने कहा कि नगर निगम नागरिकों की समस्याओं को लेकर गंभीर है और सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा उसकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का अतिक्रमण यदि पाया जाता है तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की कि सार्वजनिक मार्ग को जल्द से जल्द पूर्व स्थिति में बहाल किया जाए। लोगों ने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो क्षेत्रवासी बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
ज्ञापन सौंपने वालों में वंदना वर्मा, दीपक कुमार, अनुप भारती, आशा बिष्ट, पूनम त्रिपाठी, मीरा मिश्रा, विजय भट्ट, कुलदीप मेर, राहुल जोशी, गुंजन चमियाल, वैभव पांडे, प्रदीप आर्य, भूपेन जोशी, नवीन आर्य, अधिवक्ता वैभव जोशी, देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष मनोज सिंह पवार, हिमांशु साह, नीरज थापा ‘बिट्टू’, कमल बिष्ट ‘राहुल’, अनिल वर्मा, दीप चंद्र जोशी और कई अन्य स्थानीय नागरिक शामिल रहे।
सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण का आरोप, डुबकिया के लोगों ने नगर निगम में उठाई आवाज
Leave a Comment
