काव्या पाठक की श्रीराम स्तुति और बच्चों की सरस्वती वंदना ने बांधा समां, आकर्षक मंच सज्जा बनी विशेष आकर्षण
अल्मोड़ा। मां नंदादेवी मंदिर प्रांगण में आयोजित ऐतिहासिक श्री नंदादेवी रामलीला के दूसरे दिन कलाकारों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। विश्वामित्र-दशरथ संवाद से शुरू हुई लीला में ताड़िका वध, सुबाहु वध, मारीच प्रसंग, अहिल्या उद्धार और गौरी पूजन का मंचन किया गया। धार्मिक आस्था, पारंपरिक अभिनय और संगीत से सजे कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
रामलीला का उद्घाटन पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, पूर्व अध्यक्ष अल्मोड़ा अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक आनंद सिंह बगड़वाल तथा भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व जिलाध्यक्ष रवि रौतेला ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
श्रीराम स्तुति के दौरान काव्या पाठक ने नृत्य के माध्यम से भगवान श्रीराम का सुंदर चित्रण प्रस्तुत किया। इसके बाद बच्चों ने वरिष्ठ रंगकर्मी एवं कवि नवीन बिष्ट द्वारा रचित और स्वर्गीय महावीर प्रसाद द्वारा संगीतबद्ध सरस्वती वंदना का मंचन किया। मां सरस्वती की भूमिका जीविका ने निभाई। हर्षिता पांडे, मानवी बोरा, नीतू मावड़ी, कनिष्का पांडे, सृष्टि उप्रेती, वेदांशी गोस्वामी और छवि पांडे ने प्रस्तुति में भाग लिया।
ताड़िका के अभिनय पर मिली खूब तालियां
द्वितीय दिवस की लीला में ताड़िका की भूमिका विशेष आकर्षण रही। समिति के सचिव एवं नंदादेवी वार्ड पार्षद अर्जुन सिंह बिष्ट ने अपने सशक्त और जीवंत अभिनय से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। दशरथ की भूमिका नवीन बिष्ट, विश्वामित्र की राजेंद्र रौतेला, राम की द्रोण नेगी और लक्ष्मण की अविरल जोशी ने निभाई। सुबाहु के रूप में मुरलीधर कांडपाल, मारीच के रूप में संजय जोशी, अहिल्या के रूप में मीनाक्षी हरबोला और गौरी के रूप में कामाक्षी पांडे मंच पर नजर आईं। सीता की सहेलियों की भूमिकाओं में भी बाल कलाकारों ने प्रस्तुति दी।
रामलीला समिति के अध्यक्ष एवं लाला बाजार वार्ड पार्षद कुलदीप सिंह मेर, महेंद्र बिष्ट और सह संयोजक संजय साह ने अतिथियों को राम प्रसादी भेंट की। कार्यक्रम का संचालन निर्देशक परितोष जोशी ने किया। संगीत पक्ष में हारमोनियम पर राजन नयाल और तबले पर शेखर सिजवाली ने सहयोग दिया।
पात्रों का मेकअप दानिश और राजू शर्मा ने किया, जबकि मंच पूजन मंदिर के मुख्य पुजारी तारा दत्त जोशी और जीवन पाठक ने संपन्न कराया। अतुल वर्मा, महेंद्र बिष्ट, संदीप साह, राजकुमार बिष्ट, कविश अरोरा, जगदीश बिष्ट, जगदीश भंडारी, लोकेश तिवारी और पंत ने मंच सज्जा में योगदान देकर दशरथ दरबार और ताड़िका के दृश्य को आकर्षक रूप दिया।
निर्देशक गणेश मेर ने पर्दे के पीछे पात्रों के मंच प्रवेश की व्यवस्था संभाली। चंद्र मोहन परगाई ने कलाकारों को तैयार करने में योगदान दिया। नमन बिष्ट ने सोशल मीडिया पर रामलीला का सीधा प्रसारण किया।
दर्शकों की बैठक व्यवस्था में राजेश पालनी, कोषाध्यक्ष धनंजय साह, दिनेश जोशी, मानवेंद्र साह, सुमित साह, वरुण साह और परीक्षित साह ने सहयोग दिया।
इस मौके पर नंदादेवी मंदिर समिति के अध्यक्ष मनोज वर्मा, उपाध्यक्ष एवं महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, रामलीला समिति के संयोजक प्रकाश पांडे सहित अनेक गणमान्य लोग और श्रद्धालु मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने रामलीला की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए इस ऐतिहासिक सांस्कृतिक परंपरा के संरक्षण को महत्वपूर्ण बताया।
श्री नंदादेवी रामलीला के दूसरे दिन दिखा आस्था और अभिनय का संगम
Leave a Comment

