अल्मोड़ा। जय गोल्ज्यू महोत्सव 2026 के सात दिवसीय आयोजन की शुरुआत सांस्कृतिक उल्लास और शानदार संगीत प्रस्तुतियों के साथ हुई। प्रथम दिवस की शाम में आयोजित स्टार नाइट और लोकनृत्यों ने दर्शकों को देर तक बांधे रखा। कार्यक्रम में उत्तराखंड के पारंपरिक लोक रंगों के साथ देश के विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक झलक भी देखने को मिली।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी अंशुल सिंह, विधायक मनोज तिवारी, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश जोशी एवं शोभा जोशी समेत अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। सुशील शाह, केवल सती, भैरव गोस्वामी, गुड्डू भोज, लता तिवारी और राधा बिष्ट सहित अन्य अतिथियों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई।
महोत्सव की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में हरियाणा के बीन जोगी, कश्मीर के रऊफ और पश्चिम बंगाल के रायवंशी लोकनृत्यों ने भारतीय लोक परंपराओं की विविधता को सामने रखा। हिमालयन लोक कला केंद्र, अल्मोड़ा के कलाकारों ने संध्यावली और छपेली की प्रस्तुति देकर स्थानीय लोक विरासत की खूबसूरती को प्रदर्शित किया।
स्टार नाइट में रोशन बनोला, रुचि आर्य और अमित गोस्वामी ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा। वहीं, प्रेमरार्थ कथक कला केंद्र के हेडिया लोकनृत्य ने भी कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा। विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं के संगम ने महोत्सव की पहली शाम को यादगार बना दिया।
जय गोल्ज्यू महोत्सव लोक कला और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का मंच है। आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से परिचित कराने और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रथम दिवस की सफल प्रस्तुतियों के बाद अब दर्शकों को महोत्सव के अगले कार्यक्रमों का इंतजार है।
लोक रंगों से सजी जय गोल्ज्यू महोत्सव की पहली शाम, रोशन बनोला और रुचि आर्य की प्रस्तुतियों ने जीता दिल
Leave a Comment

