अल्मोड़ा। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार आज विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नए मानक स्थापित कर रही है। मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचकर आम जनता की समस्याओं को सुनना तथा उनके समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई करना सरकार की जनहितैषी कार्यशैली को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी द्वारा शुरू किया गया “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान प्रदेश के इतिहास की महत्वपूर्ण पहलों में से एक है। इस अभियान ने प्रशासन और आम जनता के बीच की दूरी को कम करने का कार्य किया है। गांवों और न्याय पंचायतों में आयोजित शिविरों के माध्यम से हजारों लोगों को विभिन्न प्रमाण पत्र, सरकारी योजनाओं का लाभ तथा अन्य आवश्यक सेवाएं उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध कराई गई हैं।
महेश नयाल ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी का स्पष्ट लक्ष्य प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। यही कारण है कि सरकार लगातार जनसंपर्क कार्यक्रमों, जनसभाओं और क्षेत्रीय दौरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं को समझने और उनका समाधान करने का प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री की कार्यशैली में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, पर्यटन, महिला सशक्तिकरण और रोजगार जैसे क्षेत्रों में अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने, निवेश को आकर्षित करने और स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने के लिए भी सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री के अल्मोड़ा दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि पांडेखोला में शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी के परिवार से मिलकर मुख्यमंत्री ने यह संदेश दिया है कि राज्य सरकार अपने वीर सपूतों और उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि शहीद परिवार के प्रति मुख्यमंत्री द्वारा व्यक्त की गई संवेदना पूरे प्रदेश की भावनाओं का प्रतिनिधित्व करती है।
उन्होंने कहा कि दन्या में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शहीद बीरेश्वर गोस्वामी की स्मृति में प्रवेश द्वार निर्माण की घोषणा क्षेत्र की जनता के लिए सम्मान और गर्व का विषय है। यह निर्णय आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा प्रदान करेगा।
महेश नयाल ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है। राज्य सरकार की योजनाएं समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रही हैं और जनता में सरकार के प्रति विश्वास लगातार बढ़ रहा है। भाजपा संगठन के सभी कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चल रहे जनहित के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड आने वाले समय में विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और सरकार की उपलब्धियों के आधार पर भारतीय जनता पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में पुनः प्रचंड बहुमत हासिल करेगी।
महेश नयाल ने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना है। मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश विकास, पारदर्शिता और सुशासन के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और सुशासन की नई दिशा में अग्रसर : महेश नयाल
Leave a Comment
