सहकर्मियों और पत्रकारों ने यादगार कार्यकाल को सराहा
अल्मोड़ा।
जिला सूचना कार्यालय में नियुक्त अतिरिक्त सूचना अधिकारी सुंदर कुमार के पिथौरागढ़ स्थानांतरण पर आयोजित विदाई समारोह भावुक माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कार्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों और पत्रकारों ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
जिला सूचना अधिकारी सत्यपाल सिंह ने कहा कि सुंदर कुमार ने अपनी कार्यशैली, अनुशासन और समर्पण से कार्यालय में अलग पहचान बनाई। उनके सहयोगी स्वभाव और सकारात्मक दृष्टिकोण ने सभी के साथ बेहतर कार्य संबंध स्थापित किए।
अपने संबोधन में सुंदर कुमार ने अल्मोड़ा में मिले स्नेह और सहयोग को जीवन की अमूल्य पूंजी बताते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यहां का कार्यकाल उनके लिए हमेशा प्रेरणादायी रहेगा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पत्रकारों ने भी उनके सफल भविष्य की कामना की।
