वृक्षारोपण के साथ पौधों के संरक्षण का भी लिया संकल्प, जनभागीदारी पर दिया जोर
अल्मोड़ा।
पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देते हुए प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, उप सेवा केंद्र अल्मोड़ा द्वारा चौहान पाटा स्थित विनोद वाटिका में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए और सभी प्रतिभागियों ने उन्हें संरक्षित करने का संकल्प लिया।
कुमाऊँ क्षेत्र की प्रभारी राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी नीलम दीदी ने कहा कि प्रकृति के साथ संतुलन बनाए रखना मानव जीवन की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। पौधारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी सुनिश्चित की जाए।
पूर्व विधायक कैलाश शर्मा ने संस्था के सेवा एवं जनजागरण कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाना समय की मांग है। उन्होंने सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने पौधारोपण कर आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और सुरक्षित पर्यावरण बनाने का संकल्प लिया। अंत में प्रकृति संरक्षण और मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
