आप नेता भुवन जोशी बोले—श्रेय की राजनीति छोड़ मरीजों की चिंता करें भाजपा नेता
अल्मोड़ा। जिला चिकित्सालय में फिजिशियन की तैनाती को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी नेता भुवन जोशी ने भाजपा नेताओं के उस दावे पर सवाल उठाए हैं, जिसमें अगस्त माह में एक वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष ने एक सप्ताह के भीतर फिजिशियन की तैनाती का भरोसा दिलाया था।
भुवन जोशी ने कहा कि एक सप्ताह में डॉक्टर की तैनाती का दावा किए काफी समय बीत चुका है, लेकिन जिला चिकित्सालय को अब तक फिजिशियन नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सक के अभाव का सीधा असर अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों पर पड़ रहा है।
उन्होंने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि आपसी राजनीतिक प्रतिस्पर्धा और श्रेय लेने की होड़ में जनता से जुड़े गंभीर मुद्दे पीछे छूट रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक ही समस्या को लेकर अलग-अलग दावे किए जाने से जनता के बीच भी सवाल खड़े होना स्वाभाविक है।
भुवन जोशी ने कहा कि जिला चिकित्सालय में उपचार के लिए आने वाले लोगों को यह जानने में कोई रुचि नहीं है कि किस नेता ने डॉक्टर लाने का श्रेय लिया। मरीजों की प्राथमिकता विशेषज्ञ चिकित्सक की उपलब्धता और बेहतर स्वास्थ्य सुविधा है।
उन्होंने कहा कि यदि एक सप्ताह में फिजिशियन उपलब्ध कराने का दावा किया गया था तो भाजपा नेताओं को अब जनता को स्पष्ट जवाब देना चाहिए कि तैनाती में देरी क्यों हुई और डॉक्टर की नियुक्ति कब तक होगी।
आप नेता ने कहा कि स्वास्थ्य जैसी आवश्यक सेवा को राजनीतिक प्रतिस्पर्धा का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने भाजपा नेताओं से अपील की कि आपसी खींचतान और बयानबाजी से ऊपर उठकर जिला चिकित्सालय में फिजिशियन की तत्काल तैनाती के लिए सरकार पर प्रभावी दबाव बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि मरीजों को आश्वासन नहीं, इलाज चाहिए और इसके लिए अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टर की मौजूदगी जरूरी है।
‘एक सप्ताह में फिजिशियन’ का दावा, समय बीता फिर भी डॉक्टर नहीं
Leave a Comment
