अल्मोड़ा। जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 को सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का त्रुटिरहित होना निष्पक्ष चुनाव की आधारशिला है। इसलिए निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करते हुए प्रत्येक कार्य को गंभीरता और पारदर्शिता के साथ संपन्न किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पुनरीक्षण कार्यक्रम केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण अभियान है। यदि पात्र मतदाता सूची से बाहर रह जाते हैं तो यह लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन माना जाएगा। इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल हो।
बैठक में विस्तृत जानकारी दी गई कि 29 मई से 7 जून 2026 तक गणना प्रपत्रों की प्रिंटिंग और कार्मिकों के प्रशिक्षण का कार्य किया जाएगा। इसके बाद 8 जून से 7 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करेंगे और आवश्यक जानकारी एकत्र करेंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि बीएलओ की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है क्योंकि वही सीधे जनता के संपर्क में रहते हैं। उन्होंने सभी रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि बीएलओ को पूरी जानकारी और प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए ताकि कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि न हो।
बैठक के दौरान ड्राफ्ट रोल प्रकाशन और दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को बताया गया कि 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट रोल प्रकाशित होगा तथा 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि दावे और आपत्तियों का निस्तारण निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ किया जाए। किसी भी पात्र नागरिक को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए और सभी शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में मतदाताओं की मैपिंग शेष है वहां विशेष अभियान चलाकर कार्य पूर्ण किया जाए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में भी पुनरीक्षण प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार तथा उपजिलाधिकारी भनोली सौम्या गर्ब्याल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। दूरस्थ क्षेत्रों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 को सफल बनाने के लिए प्रशासन सक्रिय
Leave a Comment
