सांस्कृतिक दलों के सम्मान के साथ कलाकारों ने संगठन को मजबूत बनाने का लिया संकल्प
अल्मोड़ा।
लोक संस्कृति के संरक्षण और कलाकारों के हितों की रक्षा के उद्देश्य से श्री लक्ष्मी भंडार हुक्का क्लब में आयोजित सर्वदलीय लोक कलाकार बैठक में प्रदेशभर के कलाकारों ने एक स्वर में अपनी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ रंगकर्मी त्रिभुवन गिरी ने की।
बैठक में नए पंजीकृत सांस्कृतिक दलों के दल-नेताओं को सम्मानित किया गया। कुमाऊँ महोत्सव–2026 के सफल आयोजन के लिए अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी तथा भारत सरकार के “लोक कलाकार साधक सम्मान” से सम्मानित वरिष्ठ कलाकार प्रकाश बिष्ट का भी अभिनंदन किया गया।
हिमालय लोक कलाकार महासंघ के अध्यक्ष भैरव दत्त राय ने कहा कि कलाकारों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठनात्मक एकता आवश्यक है। प्रकाश रावत ने विभागीय स्तर पर चरणबद्ध वार्ता का सुझाव दिया, जबकि प्रकाश बिष्ट ने लोक कलाकारों के भविष्य और चुनौतियों पर चिंता व्यक्त की। प्रकाश भट्ट ने सांस्कृतिक दलों की व्यावहारिक समस्याओं को विस्तार से रखा।
बैठक में मुख्यमंत्री द्वारा घोषित मानदेय वृद्धि को तत्काल लागू करने, संस्कृति विभाग में लंबित भुगतानों का निस्तारण, लोक कलाकार पेंशन योजना को प्रभावी बनाने, जीएसटी संबंधी समस्याओं का समाधान तथा सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के ऑडिशन की वैधता अवधि पांच वर्ष किए जाने की मांग सर्वसम्मति से पारित की गई।
त्रिभुवन गिरी ने कहा कि कलाकारों को अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर निरंतर संघर्ष करना होगा। बैठक का संचालन ललित बिष्ट ने किया तथा बड़ी संख्या में कलाकारों, रंगकर्मियों और सांस्कृतिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
