अल्मोड़ा। सेलाखोला वार्ड के जौहरी बाजार स्थित कालिका मंदिर में गणपति जी की प्रतिमा स्थापित की गई। महाराष्ट्र समाज से जुड़े स्थानीय लोगों द्वारा प्रतिवर्ष की जाने वाली इस धार्मिक परंपरा के तहत इस वर्ष भी श्रद्धा और आस्था के साथ गणपति जी की स्थापना की गई।
स्थापना के दौरान श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर गणपति जी का आशीर्वाद लिया। मंदिर में दर्शन के लिए भक्तों की आवाजाही बनी रही। क्षेत्रवासियों ने गणपति जी से परिवार एवं समाज की सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।
पार्षद वंदना वर्मा ने बताया कि महाराष्ट्र से जुड़े लोग हर वर्ष कालिका मंदिर में गणपति जी की स्थापना करते हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक एकता का संदेश भी देता है। उन्होंने सभी भक्तजनों से मंदिर पहुंचकर गणपति जी के दर्शन कर आशीर्वाद लेने का आग्रह किया।

