क्षेत्र में जर्जर विद्युत पोल को लेकर बनी समस्या पर पार्षद अंजू बिष्ट की पहल रंग लाई। स्थानीय लोगों की शिकायत और सुरक्षा से जुड़े मामले को पार्षद ने विद्युत विभाग के समक्ष रखा, जिसके बाद विभाग ने तत्काल संज्ञान लेते हुए खराब एवं जर्जर विद्युत पोल को ठीक करा दिया।
बताया गया कि संबंधित विद्युत पोल काफी समय से खराब स्थिति में था। इसके चलते आसपास रहने वाले लोगों को लगातार दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। स्थानीय लोगों ने इस समस्या के समाधान के लिए पार्षद से हस्तक्षेप की मांग की थी। पार्षद अंजू बिष्ट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया और जल्द कार्रवाई का आग्रह किया।
पार्षद की पहल के बाद विद्युत विभाग ने मौके की स्थिति को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई की। विभागीय कर्मचारियों ने जर्जर पोल को तत्काल दुरुस्त किया। इससे क्षेत्रवासियों को काफी राहत मिली। हालांकि विभाग ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में पोल की मरम्मत की गई है, जबकि आगामी दो से तीन माह बाद नए पोल उपलब्ध होने पर यहां नया विद्युत पोल स्थापित किया जाएगा।
विद्युत विभाग के अधिशाषी अभियंता कन्हैया मिश्रा ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि नए पोल की उपलब्धता होते ही निर्धारित स्थान पर उसे लगाया जाएगा। उन्होंने विद्युत सुरक्षा और सुचारु आपूर्ति को लेकर विभाग की प्रतिबद्धता भी जताई।
मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता राकेश बिष्ट, उमा बिष्ट, अधिवक्ता दीपांशु पांडे, पवन बिष्ट, जयवर्धन भट्ट समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे। लोगों ने कहा कि जर्जर विद्युत पोल की समस्या को तत्काल उठाकर विभाग से कार्रवाई करवाने के लिए पार्षद अंजू बिष्ट का प्रयास सराहनीय है।
स्थानीय नागरिकों ने विद्युत विभाग की त्वरित कार्रवाई की भी प्रशंसा की। पार्षद एवं क्षेत्रवासियों ने अधिशाषी अभियंता कन्हैया मिश्रा तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
लोगों ने कहा कि सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े मामलों में इसी तरह त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने विभाग से क्षेत्र में लगे अन्य पुराने एवं जर्जर विद्युत पोलों का भी सर्वे कराने की मांग की, ताकि किसी संभावित दुर्घटना को समय रहते रोका जा सके।
क्षेत्रवासियों को अब उम्मीद है कि विभाग द्वारा दिए गए आश्वासन के अनुसार दो से तीन माह के भीतर नया विद्युत पोल स्थापित कर दिया जाएगा और क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था और अधिक सुरक्षित हो सकेगी।
अंजू बिष्ट की पहल पर विद्युत विभाग की त्वरित कार्रवाई, दो-तीन माह में लगेगा नया विद्युत पोल
Leave a Comment
