जिला कार्यकारिणी में तीन नई नियुक्तियां, जिलाध्यक्ष मनोज सिंह पवार ने की घोषणा
अल्मोड़ा। व्यापारियों के संगठन देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल अल्मोड़ा ने अपनी जिला कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए तीन पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। जिलाध्यक्ष मनोज सिंह पवार ने प्रदेश अध्यक्ष हुकुम सिंह कुंवर की संस्तुति के बाद नियुक्तियों की घोषणा की।
नई जिम्मेदारियों के तहत निकेश उपाध्याय को जिला महामंत्री संगठन, हरीकृष्ण खत्री को जिला संगठन मंत्री और सुमीत गुप्ता को जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
नियुक्ति के बाद नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए व्यापारी हितों के लिए सक्रियता से कार्य करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि बाजार और व्यापारियों से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा तथा उनके निराकरण के लिए संबंधित स्तर पर प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए व्यापारियों के बीच बेहतर संवाद और समन्वय स्थापित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। व्यापारियों की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
जिलाध्यक्ष मनोज सिंह पवार ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नई जिम्मेदारियों के साथ संगठन की गतिविधियों को और गति मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि नए पदाधिकारियों का अनुभव और सक्रियता संगठन को मजबूत करने में उपयोगी साबित होगी।
देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल ने कहा कि व्यापारी हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और संगठन को जिला स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाने के प्रयास जारी रहेंगे।
