पनेर और थापला में डॉ. अजयपाल ने ग्रामीणों से किया संवाद, कई ग्रामीणों ने ली कांग्रेस की सदस्यता
सोमेश्वर/अल्मोड़ा। कांग्रेस से सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र की दावेदारी कर रहे डॉ. अजयपाल ने रविवार को ताकुला ब्लॉक के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने जनमिलन कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया।
पनेर गांव में आयोजित जनमिलन कार्यक्रम में ग्रामीणों ने सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं की समस्या प्रमुखता से उठाई। ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विकास को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि लंबे समय से गांव को मूलभूत सुविधाओं का इंतजार है। उनका कहना था कि पक्की सड़क नहीं होने के कारण आवागमन में परेशानी बनी हुई है।
ग्रामीणों ने यह भी कहा कि सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की विधायक रेखा आर्या लगातार तीन बार निर्वाचित हुई हैं, इसके बावजूद पनेर गांव में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है।
ग्रामीणों की बात सुनने के बाद डॉ. अजयपाल ने कहा कि किसी भी गांव के विकास की पहली जरूरत सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाएं हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद यदि ग्रामीण इन सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं तो इस पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।
डॉ. अजयपाल ने कहा कि क्षेत्र की जनता बदलाव का मन बना चुकी है। उन्होंने सोमेश्वर विधानसभा के समग्र विकास तथा पनेर समेत अन्य गांवों की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए प्रतिबद्धता जताई।
थापला गांव में आयोजित जनमिलन बैठक में भी उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री राजेंद्र बाराकोटी, ताकुला ब्लॉक अध्यक्ष बहादुर सिंह मेहता, हेमा भंडारी, दीपक सिंह बोहरा, शंकर सिंह रावत, सुनील बाराकोटी, राजेंद्र प्रसाद टम्टा, दिनेश पिलख्वाल समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
