नगला तराई में रामलीला कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री, धार्मिक स्थलों के संरक्षण से लेकर गरीबों, महिलाओं, युवाओं और किसानों के कल्याण तक गिनाईं सरकार की प्राथमिकताएं
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को नगला तराई में आयोजित रामलीला कार्यक्रम में पहुंचकर भगवान श्रीराम के जीवन आदर्शों का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और संस्कारों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, मर्यादा, कर्तव्य और नैतिकता की सीख देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज को भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर एकजुटता और सद्भाव के साथ आगे बढ़ना चाहिए। राज्य सरकार उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केदारनाथ पुनर्निर्माण तथा केदारखंड और मानसखंड के मंदिरों के जीर्णोद्धार के कार्यों को गति दी गई है।
उन्होंने कहा कि देवभूमि की पवित्रता बनाए रखना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए अवैध अतिक्रमण और छद्म वेशधारियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में गरीबों को आवास, घरों तक पेयजल और गैस कनेक्शन पहुंचाने के साथ स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया गया है। गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है। महिलाओं को लखपति दीदी और ड्रोन दीदी योजनाओं से आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को कौशल विकास से जोड़ने, किसानों को किसान सम्मान निधि देने और सैनिकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किए गए हैं। पूर्व सैनिकों के लिए वन रैंक, वन पेंशन योजना तथा देश की सुरक्षा के लिए सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक जैसी कार्रवाइयों का भी उन्होंने उल्लेख किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, ग्राम प्रधान दीपू मेहरा और रामलीला समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।
रामलीला हमारी संस्कृति और संस्कारों की पहचान, श्रीराम के आदर्श समाज को देते हैं एकता का संदेश : धामी
Leave a Comment

