राष्ट्रीय अध्यक्ष को पत्र लिखकर भाजपा कार्यकर्ता राजीव गुरुरानी ने रखा सुझाव
अल्मोड़ा। भाजपा कार्यकर्ता राजीव गुरुरानी ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को पत्र भेजकर उत्तराखंड में हिंदुत्व के मुद्दे के साथ सामाजिक समरसता और अनुसूचित जाति समाज के नेतृत्व को आगे बढ़ाने की मांग रखी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए भाजपा को सर्वस्पर्शी नेतृत्व की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करनी चाहिए।
राजीव गुरुरानी ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा के राजनीतिक विस्तार के पीछे हिंदुत्व की विचारधारा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने वर्ष 1990 के अल्मोड़ा राम ज्योति आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके बाद उत्तराखंड क्षेत्र में भाजपा को व्यापक जनसमर्थन प्राप्त हुआ।
उन्होंने पत्र में कहा कि वर्ष 2022 में भाजपा ने लगातार दूसरी बार सरकार बनाकर प्रदेश की राजनीति में लंबे समय से चले आ रहे सत्ता परिवर्तन के मिथक को तोड़ा। गुरुरानी का कहना है कि राम मंदिर निर्माण और हिंदुत्व के प्रति जनता के समर्थन ने भी भाजपा के पक्ष में वातावरण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस की ओर से हल्द्वानी से जुड़े शुद्धिकरण प्रकरण को राजनीतिक मुद्दे के रूप में उठाया जा रहा है और इसके माध्यम से भाजपा को दलित विरोधी साबित करने का प्रयास किया जा रहा है।
गुरुरानी ने कहा कि उत्तराखंड गठन के बाद भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों ने मुख्यमंत्री पद के लिए मुख्यतः सवर्ण नेतृत्व को अवसर दिया है। ऐसे में भाजपा को अनुसूचित जाति समाज के नेतृत्व को प्रदेश की राजनीति में और अधिक प्रभावी भूमिका देने पर विचार करना चाहिए।
उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष से सुझाव दिया कि यदि भाजपा हिंदुत्व के साथ सामाजिक समरसता और दलित नेतृत्व को आगे बढ़ाती है तथा अनुसूचित जाति समाज से किसी नेता को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी देने जैसे ऐतिहासिक निर्णय पर विचार करती है, तो इससे प्रदेश में व्यापक राजनीतिक और सामाजिक संदेश जाएगा।
उन्होंने कहा कि सामाजिक प्रतिनिधित्व और राजनीतिक नेतृत्व में विविधता भाजपा के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संकल्प को मजबूती प्रदान कर सकती है। गुरुरानी ने विश्वास जताया कि ऐसी पहल भाजपा को उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की दिशा में अतिरिक्त राजनीतिक मजबूती दे सकती है।
हिंदुत्व के साथ दलित नेतृत्व को मिले अवसर, उत्तराखंड में भाजपा करे ऐतिहासिक पहल
Leave a Comment
