चौरा में न्याय पंचायत स्तरीय खेल महाकुंभ शुरू, लंबी कूद में खिलाड़ियों ने हासिल किए स्थान
अल्मोड़ा। राजकीय इंटर कॉलेज चौरा के खेल मैदान में शुक्रवार को पातलीबगड़ न्याय पंचायत के खेल महाकुंभ 2026-27 का शुभारंभ हुआ। आयोजन में अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न स्पर्धाओं के माध्यम से खिलाड़ियों ने अपनी खेल क्षमता और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना से हुई। इसके बाद मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान उस्कोना देवेंद्र सिंह महरा और ग्राम प्रधान अथरबनी विनोद जोशी ने फीता काटकर प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया। अतिथियों का बैज अलंकरण एवं स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया गया।
देवेंद्र सिंह महरा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, आवश्यकता उन्हें उचित मंच और अवसर देने की है। उन्होंने कहा कि खेल महाकुंभ ऐसे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास के साथ खेल भावना बनाए रखने की सलाह दी।
विनोद जोशी ने कहा कि वर्तमान समय में खेलों में भी करियर की अनेक संभावनाएं हैं। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए।
प्रमोद जोशी ने कहा कि खेल बच्चों को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ उनके व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों के माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित होती है।
प्रधानाचार्य एवं नोडल अधिकारी नवनीत कुमार पाण्डेय ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। विद्यालय एवं न्याय पंचायत स्तर पर होने वाली प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को बड़े मंच के लिए तैयार करने में मदद करती हैं।
पहले दिन अंडर-19 लंबी कूद के बालक वर्ग में रोहित आर्या ने प्रथम, कृष्ण गंगोला ने द्वितीय तथा हर्षित बिष्ट ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में हर्षिता बिष्ट प्रथम, ममता बिष्ट द्वितीय और हिमानी बिष्ट तृतीय स्थान पर रहीं।
इस अवसर पर क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधान, एसएमसी एवं पीटीए पदाधिकारी, विद्यालय परिवार और अभिभावक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मनोज चंद्र जोशी ने किया। आयोजन की सफलता में विद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने सहयोग दिया।
खेल मैदान में दिखा उत्साह, ग्रामीण प्रतिभाओं ने किया दमखम का प्रदर्शन
Leave a Comment
