भाजपा नगर अध्यक्ष ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष के बयान पर साधा निशाना, कहा—जनता अब भाषण नहीं परिणाम देखती है
अल्मोड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर लाभार्थियों द्वारा घरों के बाहर दीप जलाने के कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए गए सवालों पर भाजपा नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज के बयान को लेकर कहा कि कांग्रेस को अब गरीब के घर का दीपक भी राजनीतिक प्रचार दिखाई दे रहा है।
विनीत बिष्ट ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पाने वाले परिवार यदि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर दीप जलाकर अपनी खुशी व्यक्त करते हैं तो यह किसी राजनीतिक दल द्वारा थोपी गई गतिविधि नहीं, बल्कि उनकी व्यक्तिगत भावना है। उन्होंने कहा कि किसी परिवार को पक्का मकान मिलने, किसी महिला के स्वरोजगार से जुड़ने या किसी युवा को रोजगार मिलने पर यदि वह अपनी खुशी जाहिर करता है तो उसे राजनीतिक प्रचार कहना लाभार्थियों की भावनाओं का अपमान है।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वह लगातार सरकारी धन और करदाताओं के पैसे की बात कर रही है। लेकिन कांग्रेस को यह भी बताना चाहिए कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के दौरान गरीबों तक सरकारी योजनाओं का लाभ तेजी और पारदर्शिता से पहुंचाने के लिए उसने क्या व्यवस्था बनाई।
बिष्ट ने कहा कि सरकारी बजट निश्चित रूप से जनता का पैसा है, लेकिन उस धन का प्रभावी और पारदर्शी उपयोग सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान में शौचालय, आवास, महिला स्वरोजगार और अन्य योजनाओं का लाभ बड़ी संख्या में लोगों तक सीधे पहुंच रहा है।
भाजपा नेता ने कहा कि लाभार्थी किसी राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं हैं। वे स्वतंत्र नागरिक हैं और उन्हें अपनी खुशी व्यक्त करने का पूरा अधिकार है। उन्होंने सवाल किया कि क्या कांग्रेस को उन गरीब परिवारों की खुशी से भी परेशानी है, जिनके घर पहली बार पक्के बने हैं, अथवा उन महिलाओं से भी जिन्हें स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है।
विनीत बिष्ट ने कहा कि कांग्रेस को दीपक से नहीं, उस उजाले से परेशानी है जो उसकी राजनीति की वास्तविक स्थिति जनता के सामने ला रहा है। उन्होंने कहा कि आंदोलन की धमकी देने से राजनीतिक स्थिति नहीं बदलती। जनता अब भाषणों के बजाय काम और परिणाम को प्राथमिकता देती है।
उन्होंने कांग्रेस नेताओं से कहा कि यदि उन्हें जनता की वास्तविक चिंता है तो उन्हें लाभार्थियों के बीच जाकर उनकी समस्याएं और खुशियां समझनी चाहिए। गरीब परिवारों की खुशी को राजनीतिक प्रचार के चश्मे से देखने के बजाय उसे सुशासन के परिणाम के रूप में देखना चाहिए।
कांग्रेस को लाभार्थियों की खुशी भी दिख रही राजनीतिक प्रचार: विनीत बिष्ट
Leave a Comment
