अल्मोड़ा। कुमाऊं महोत्सव 2026 के द्वितीय दिवस एवं स्टार नाइट के प्रथम दिवस पर रविवार को सांस्कृतिक उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। रंग-बिरंगी प्रस्तुतियों, संगीत और लोक संस्कृति की झलकियों से सजे इस कार्यक्रम ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि मनमोहन चौधरी ने रिबन काटकर किया। विशिष्ट अतिथि भूपेंद्र वाल्दिया की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई। मंच पर कुमाऊं महोत्सव अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, मुख्य संयोजक हरीश कनवाल, प्रसिद्ध रंगकर्मी देवेंद्र भट्ट ‘रिक्की भाई’, शमशाद पिथौरागढ़ी सहित अनेक सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े लोग मौजूद रहे।
महोत्सव की शुरुआत ओपन माइक कार्यक्रम से हुई, जिसमें क्षेत्र की युवा प्रतिभाओं ने अपनी कला का परिचय दिया। प्रतिभागियों ने कविता, गीत, कहानी और हास्य प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का मनोरंजन किया।
इसके उपरांत वाद्य यंत्र प्रतियोगिता का फाइनल चरण आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने ढोल, तबला, गिटार और अन्य वाद्य यंत्रों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा महोत्सव के अंतिम दिन की जाएगी।
स्टार नाइट के मुख्य आकर्षण उत्तराखंड के लोकप्रिय लोकगायक राकेश खानवाल रहे। मंच पर पहुंचते ही दर्शकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। उन्होंने अपने सुपरहिट गीत ‘क्रीम पाउडर’, ‘मोहना मधुली’, ‘काला सूट’, ‘हिमाली’ और ‘हिट मधु’ प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया। उनके गीतों पर युवा, महिलाएं और बच्चे देर रात तक झूमते रहे।
कार्यक्रम में लोकगायक गोपाल चम्याल और विक्की गतियार ने भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। दोनों कलाकारों की प्रस्तुति ने सांस्कृतिक संध्या को और अधिक यादगार बना दिया।
वहीं युवा कलाकार नाविका जैरा द्वारा प्रस्तुत योग नृत्य कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। योग मुद्राओं और नृत्य कला के सुंदर संयोजन ने सभी को प्रभावित किया।
इस अवसर पर ओपन माइक कार्यक्रम के प्रायोजक रमेशनंदी को उनके सहयोग और योगदान के लिए सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि समाज के सहयोग से ही ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों को नई ऊंचाइयां मिलती हैं।
आयोजन समिति ने सभी कलाकारों, अतिथियों, सहयोगियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में भी महोत्सव में अनेक सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उत्साह और उल्लास से भरपूर इस आयोजन के साथ कुमाऊं महोत्सव 2026 की स्टार नाइट का प्रथम दिवस सफलता के साथ संपन्न हो गया।




