नियमित कूड़ा संग्रहण वाहन से होगी सफाई व्यवस्था, नागरिकों से खुले में कूड़ा न फेंकने की अपील
अल्मोड़ा। स्वच्छ शहर अभियान के तहत नगर निगम अल्मोड़ा ने नंदा देवी वार्ड स्थित त्रिपुरासुंदरी मंदिर के समीप रखे कूड़ेदान को हटा दिया है। लंबे समय से यहां खुले में कूड़ा जमा होने के कारण दुर्गंध, गंदगी और बंदरों व आवारा गौवंश की समस्या बढ़ रही थी, जिससे स्थानीय लोगों एवं श्रद्धालुओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था।
नंदा देवी वार्ड के पार्षद अर्जुन सिंह बिष्ट ‘चीमा’ ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अब कोई भी व्यक्ति इस स्थान पर कूड़ा न डाले। नगर निगम की ओर से प्रतिदिन सुबह और शाम कूड़ा संग्रहण वाहन निर्धारित समय पर पहुंचेगा, जिसमें नागरिक अपने घरों का कूड़ा डाल सकते हैं।
उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ बनाए रखने में नागरिकों की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। यदि सभी लोग सहयोग करेंगे तो वार्ड ही नहीं, पूरा अल्मोड़ा स्वच्छ और सुंदर बन सकेगा।
स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम, महापौर अजय वर्मा एवं नगर आयुक्त के प्रति आभार व्यक्त करते हुए डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रह व्यवस्था को नियमित रूप से संचालित करने की मांग की।
कार्यक्रम में पार्षद अमित साह, श्याम पांडे, अभिषेक जोशी, सहायक नगर आयुक्त लक्ष्मण भंडारी, अमीन बसंत पांडे सहित नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
