16 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, बूथ स्तर तक पहुंचाने की तैयारी
अल्मोड़ा। भाजपा के ‘सेवा समर्पण के 25 वर्ष’ पूर्ण होने के अवसर पर उत्तराखंड में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान 16 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। भाजपा जिला अल्मोड़ा ने अभियान की रूपरेखा को लेकर प्रेस वार्ता कर विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी।
जिला मीडिया प्रभारी एवं संयोजक मनीष कुमार जोशी (मंटू) ने मीडिया प्रतिनिधियों का स्वागत किया। जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने कहा कि अभियान का उद्देश्य सेवा कार्यों, जनसंपर्क और जनभागीदारी को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाना है।
उन्होंने बताया कि 16 सितंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस पर अभियान का शुभारंभ रक्तदान, स्वच्छता अभियान, हवन-यज्ञ सहित विभिन्न सेवा कार्यक्रमों के साथ किया जाएगा।
17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इसके तहत ‘आशीर्वाद का दिया—जिसने जीवन संवारा, उसे आशीर्वाद हमारा’ कार्यक्रम आयोजित होगा। शाम सात बजे सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में दीप जलाए जाएंगे। इसके लिए 14 और 15 सितंबर को जिलेभर में दीप वितरण किया जाएगा। प्रमुख सार्वजनिक एवं ऐतिहासिक स्थलों पर भी दीपोत्सव आयोजित होगा।
अभियान में बच्चों और युवाओं से जुड़े ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन एवं सेवा कार्यों की जानकारी से संबंधित ‘नमो सेवा गाथा’, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान का ‘आंगन का उत्सव’ तथा सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को सामने लाने वाला ‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम शामिल है।
इसके अलावा ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा हेतु अभियान’, रंगोली कार्यक्रम और राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज भी आयोजित किए जाएंगे।
महेश नयाल ने कहा कि अभियान को प्रत्येक बूथ तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से लाभार्थियों, युवाओं, महिलाओं तथा आम नागरिकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से सेवा और सामाजिक सहभागिता का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचाया जाएगा।
प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, मेयर अजय वर्मा, नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, गोविंद पिलख्वाल, रवि रौतेला, बिट्टू कर्नाटक, प्रकाश भट्ट, कैलाश गुरुरानी, मनीष जोशी सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
