अल्मोड़ा। मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के बल पर नृसिंहबाड़ी निवासी कमला खत्री ने राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NET) 2026 में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उन्होंने संस्कृत विषय में 97.91 परसेंटाइल प्राप्त कर नेट परीक्षा उत्तीर्ण की।
कमला वर्तमान में एसएसजे परिसर से पीएचडी शोधार्थी हैं। बचपन से ही पढ़ाई में प्रतिभाशाली रहीं कमला का सपना शिक्षक बनने का था। नेट परीक्षा में मिली सफलता ने उनके इस सपने को साकार करने की राह को और मजबूत कर दिया है।
कमला के पिता पूरन सिंह खत्री और माता मना खत्री सामान्य आर्थिक परिवार से ताल्लुक रखते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद कमला ने अपनी मेहनत के दम पर शिक्षा के क्षेत्र में यह महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया। उनकी माता मना खत्री अमन संस्था में कार्यरत हैं।
कमला ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गाइड डा. प्रकाश चन्द्र जांगी, विभागाध्यक्ष प्रो. शालिमा तबस्सुम तथा माता-पिता को दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के मार्गदर्शन और माता-पिता के निरंतर सहयोग ने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कमला की सफलता की खबर मिलते ही परिचितों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। सभी ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
नृसिंहबाड़ी की कमला ने संस्कृत में नेट परीक्षा की पास
Leave a Comment
