अल्मोड़ा। साह-चौधरी समाज अल्मोड़ा द्वारा रविवार को थाना बाजार स्थित कुन्दन लाल साह स्मारक हॉल में मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में समाज के वरिष्ठ सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने भाग लेते हुए आगामी कार्यक्रमों, मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान तथा समाज के वरिष्ठजनों को सम्मानित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
बैठक में दीप लाल साह, सुन्दर दत्त चौधरी, प्रभात लाल साह, दिनेश चन्द्र साह, राजेन्द्र लाल साह, पवन साह, इंजीनियर सिद्धार्थ साह, ब्रजेश साह, अनूप साह, प्रभात चौधरी, हर्षवर्धन चौधरी, अनिल साह, कर्नल जगमोहन साह, सुदर्शन लाल साह एवं विनोद साह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान समाज के विकास एवं नई पीढ़ी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सर्वप्रथम मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के विषय पर चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि केवल वही छात्र-छात्राएं सम्मानित की जाएंगी जो निर्धारित पात्रता मानकों को पूरा करते हुए आवेदन प्रस्तुत करेंगे।
सदस्यों ने कहा कि समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करने से अन्य छात्र-छात्राओं को भी प्रेरणा मिलेगी और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। बैठक में यह भी तय किया गया कि यदि सम्मानित किए जाने वाले मेधावी विद्यार्थियों की संख्या पाँच से अधिक होती है, तो उन्हें वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले होलो महोत्सव के दौरान सम्मानित किया जाएगा।
समाज के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस उद्देश्य के लिए अलग से कोई नया कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा। इससे आयोजन की व्यवस्था सरल एवं सुव्यवस्थित बनी रहेगी।
बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय भी लिया गया कि जिन मेधावी छात्र-छात्राओं के माता-पिता अल्मोड़ा अथवा आसपास के क्षेत्रों में निवासरत होंगे, उन्हें भी सम्मानित किया जाएगा। सदस्यों ने कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धियों में अभिभावकों का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण होता है।
इसके अतिरिक्त कार्यकारिणी समिति को विशेष परिस्थितियों में अन्य स्थानों के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने का अधिकार भी प्रदान किया गया।
बैठक के दौरान समाज के गौरव एवं प्रतिष्ठा को बढ़ाने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित करने पर भी सहमति बनी। इसी क्रम में उच्च न्यायालय नैनीताल में कार्यरत माननीय न्यायाधीश सिद्धार्थ साह को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया।
साथ ही समाज के उन वरिष्ठजनों को सम्मानित करने का भी प्रस्ताव पारित किया गया जिन्होंने 85 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है। वक्ताओं ने कहा कि बुजुर्ग समाज की धरोहर होते हैं और उनके अनुभव से समाज को दिशा मिलती है।
बैठक में वर्ष 2027 में प्रस्तावित होली मिलन समारोह की रूपरेखा पर भी विचार किया गया। निर्णय लिया गया कि प्रस्ताव क्रम संख्या 1 से 5 तक उल्लिखित सभी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
अंत में सभी सदस्यों ने समाज की एकजुटता बनाए रखने तथा शिक्षा, संस्कृति एवं सामाजिक मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। बैठक शांतिपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में सम्पन्न हुई।
कुन्दन लाल साह स्मारक हॉल में हुई साह-चौधरी समाज की बैठक, शिक्षा एवं सामाजिक सम्मान पर लिया गया महत्वपूर्ण निर्णय
Leave a Comment
