संवाददाता, अल्मोड़ा
अल्मोड़ा। जनपद में महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर सभी थाना व कोतवाली प्रभारियों को स्कूलों, कॉलेजों, नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन एवं सीओ अल्मोड़ा बलवन्त सिंह रावत के पर्यवेक्षण में कोतवाली प्रभारी योगेश चन्द्र उपाध्याय के नेतृत्व में रमेश बोरा द्वारा शारदा पब्लिक स्कूल में जागरूकता अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को मोबाइल, लैपटॉप एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के सुरक्षित और संतुलित उपयोग के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि मोबाइल फोन का अत्यधिक उपयोग पढ़ाई, स्वास्थ्य एवं मानसिक विकास पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है। छात्रों को सलाह दी गई कि वे मोबाइल का उपयोग केवल शैक्षणिक कार्यों तक सीमित रखें तथा सोशल मीडिया और ऑनलाइन गेम्स में अधिक समय व्यर्थ न करें।
साथ ही विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें अज्ञात लिंक, कॉल या मैसेज से सतर्क रहने और इंटरनेट का उपयोग केवल सकारात्मक व शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए करने की सलाह दी गई।
इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर पूर्ण प्रतिबंध की जानकारी देते हुए इसे गंभीर कानूनी अपराध बताया गया। सभी से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।
अभियान के दौरान छात्रों को कैरियर मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया, जिसमें उन्हें लक्ष्य निर्धारण, अनुशासन और निरंतर प्रयास के महत्व के बारे में प्रेरित किया गया। पुलिस प्रशासन ने ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी जारी रखने की बात कही है।
